राज्य सरकार शहीद जवानों के परिजनों के साथ सदैव खड़ी रहेगी : मुख्यमंत्री

By | February 19, 2022

झारखंड जगुआर के 14वें स्थापना दिवस समारोह में सम्मानित हुए शहीदों के परिजन
रांची। हर जंग जीतकर, हर चुनौती का सफलतापूर्वक सामना कर झारखंड जगुआर 2008 से लेकर आज तक का लंबा सफर तय करते हुए इस मुकाम पर पहुंचा है। झारखंड जगुआर के गठन से लेकर आज 14 वर्ष का सफर तय करने में हमने अपने कई वीर जवानों को खोया है। राज्य में शांति और उन्नति का माहौल बनाए रखने में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीद जवानों को मैं अपनी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने आज टेंडरग्राम स्थित जगुआर हेड क्वार्टर कैंपस में आयोजित झारखंड जगुआर के 14वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड जैसे खूबसूरत प्राकृतिक सौंदर्य के माहौल के बीच नक्सलियों ने एक डर और भय का वातावरण बनाने का काम किया है। राज्य में जहां एक और यहां के आदिवासी एवं मूलवासी प्राकृतिक सुंदरता के बीच जीवन व्यतीत कर रहे थे। वैसे जगहों में नक्सलियों ने भोले-भाले लोगों को दिग्भ्रमित कर एक नकारात्मक माहौल उनके बीच बनाने का कार्य किया है। परंतु झारखंड पुलिस और झारखंड जगुआर के जवानों ने उग्रवाद उन्मूलन अभियान चलाकर राज्य में फिर से एक बेहतर वातावरण सृजन करने में अपनी अहम भूमिका निभाई है। आने वाले समय में भी इसी सकारात्मक सोच के साथ आपसी समन्वय बनाकर आगे बढ़ना है और झारखंड को देश के समृद्ध और उन्नत राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा करना है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड जगुआर का यह कैंपस जो टेंडरग्राम के नाम से जाना जाता है। मुझे याद है कि इस क्षेत्र में कोई भी व्यक्ति कभी आना नहीं चाहता था। टेंडरग्राम वीरान और चट्टान भरा किला हुआ करता था। आज यह परिसर एक भव्य और सुंदर कैंपस का रूप ले चुका है। इस कैंपस को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में झारखंड जगुआर के सभी जवानों की महत्ती भूमिका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार शहीद जवानों के परिजनों के हर दु:ख-सुख में सदैव खड़ी रहेगी। इस माटी के वैसे वीर सपूत जो अपना कर्तव्य निर्वहन में अपना सर्वस्व दिया है उनके शहादत को हमसभी लोग हमेशा अपने दिलों में रखते हुए आगे का सफर तय करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव-सह-गृह विभाग के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का ने कहा कि आज का दिन झारखंड जगुआर के वीर शहीदों को याद करने का दिन है। अपने कठिन परिश्रम के बदौलत झारखंड जगुआर ने कई उत्कृष्ट कार्य कर दिखाया है। इस अवसर पर डीजीपी नीरज सिन्हा ने झारखंड जगुआर द्वारा नक्सल उन्मूलन अभियान के अद्यतन कार्यों की विस्तृत जानकारी रखी। उन्होंने कहा कि विकट परिस्थितियों में भी इस बल के जवानों ने हौसला बुलंद रख काफी अच्छा काम कर दिखाया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड जगुआर के 17 शहीद पुलिस पदाधिकारी तथा कर्मियों के परिजनों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *