कुष्ठ रोगी समाज के अंग है, सर्जरी से उनके अंगों को किया जाएगा ठीक : बन्ना

By | November 23, 2021


सदर अस्पताल में कुष्ठ विकृति सुधार शल्य क्रिया कैंप का किया उद्घाटन
रायपुर से आए डॉ कृष्णमूर्ति काम्बले करेंगे 18 रोगियों की सर्जरी

रांची। आज से 27 नवंबर तक कुष्ठ रोगियों का सदर अस्पताल में री-कॉन्सट्रक्टिव सर्जरी किया जाएगा। कुष्ठ विकृति सुधार शल्य कैंप का उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह, उप निदेशक सह राज्य कुष्ठ निवारण पदाधिकारी कृष्ण कुमार और सिविल सर्जन डॉ विनोद कुमार ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। सर्जरी की शुरूआत के पहले दिन आज 18 कुष्ठ रोगियों की सर्जरी किया जाएगा। मौके पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि कुष्ठ रोगियों को अछूत नहीं मानना चाहिए। वे भी समाज का हिस्सा है। उनके साथ संवेदनशीलता अपनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इस कैंप के माध्यम से शरीर के वैसे अंग जो खराब हो गये हैं, उसे सर्जरी कर ठीक किया जाएगा। बन्ना गुप्ता ने कहा कि आने वाले समय में टीवी (ट्यूबरक्लोसिस), फाइलेरिया, कालाजार के अलावे अन्य बीमारियों पर नियंत्रण की दिशा में कारगर रूप से स्वास्थ्य विभाग काम कर रही है। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह ने कहा कि यह शल्य शिविर कुष्ठ रोग से लाचार मरीजों को नया जीवन देगा। कुष्ठ रोग के मरीजों को दिव्यांग होने के कारण लाचारी झेलनी पड़ती है। जिसे अब आॅपरेशन के द्वारा दूर किया जाएगा। एसीएस ने अपने पुराने दिन को याद करते हुए कहा कि जहानाबाद के उपायुक्त रहने के दौरान 1500 पोलियो के मरीज की सर्जरी करवाई थी और यह मानव सेवा का सबसे बड़ा काम है। झारखंड के 11 जिले पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, गुमला, रांची, लातेहार, लोहरदगा, देवघर, दुमका और गोड्डा में सबसे ज्यादा कुष्ठ के मरीज हैं। यहां दस हजार व्यक्ति पर एक से अधिक कुष्ठ रोगी है। उन्होंने कहा कि कुष्ठ रोग की जल्द पहचान ही इसका इलाज है। वहीं कुष्ठ रोग के आॅपरेशन के लिए रायपुर से आए डॉ कृष्णमूर्ति काम्बले ने कहा कि झारखंड में कुष्ठ रोग से विकृत हुए मरीजों का आॅपरेशन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि 18 मरीज चिन्हित किये गए हैं। जिनका अगले 2 दिन तक सर्जरी किया जाएगा। सर्जरी के बाद वैसे मरीज दैनिक दिनचर्या ठीक प्रकार से कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *